राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर एसपी ने लिया न्यायालय परिसर की सुरक्षा का जायजा

कासगंज। राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन के दौरान न्यायालय परिसर में बड़ी संख्या में वादकारियों, अधिवक्ताओं और आमजन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने शनिवार को जिला न्यायालय परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस बल के साथ परिसर का भ्रमण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने न्यायालय परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन चेकिंग करने और जांच के बाद ही प्रवेश देने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या किसी असामान्य गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने के साथ ही परिसर में लगातार चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में ड्रोन कैमरे से भी लगातार निगरानी की जा रही है। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान, प्रभारी निरीक्षक सोरों जगदीश चंद्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।