यात्रियों को बड़ी राहत: पांच ट्रेनों में दोगुने होंगे कोच, सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी

कानपुर। यात्रियों की बढ़ती सुविधा और सीटों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों में कोचों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब 12 आईसीएफ कोचों के स्थान पर 24 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। इनमें 22 साधारण श्रेणी तथा 2 एसएलआर/डी कोच शामिल होंगे।

इस व्यवस्था के तहत 14102/14101 कानपुर सेंट्रल-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस में तत्काल प्रभाव से 24 कोचों के साथ संचालन शुरू कर दिया गया है। वहीं 22442 कानपुर सेंट्रल-चित्रकूट धाम कर्वी एक्सप्रेस और 14124 चित्रकूट धाम कर्वी-माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ एक्सप्रेस में 8 सितंबर 2026 से बढ़े हुए कोचों के साथ संचालन होगा।

इसी क्रम में 14123 माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़-चित्रकूट धाम कर्वी एक्सप्रेस और 22441 चित्रकूट धाम कर्वी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस में 9 सितंबर 2026 से 24 कोचों के साथ संचालन शुरू किया जाएगा। कोचों की संख्या दोगुनी होने से यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होने की उम्मीद है।

कानपुर-अमृतसर सुपरफास्ट का प्रस्थान समय बदला

रेल प्रशासन ने परिचालनिक कारणों से 22445 कानपुर सेंट्रल-अमृतसर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कानपुर सेंट्रल से प्रस्थान समय में भी बदलाव किया है। ट्रेन अब अपने वर्तमान समय शाम 5:45 बजे के बजाय 15 मिनट पहले शाम 5:30 बजे कानपुर सेंट्रल से रवाना होगी। हालांकि, ट्रेन के आगे के स्टेशनों पर पहुंचने और प्रस्थान के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

रेल प्रशासन के इस निर्णय से यात्रियों को अतिरिक्त सीटों की सुविधा मिलने के साथ यात्रा अधिक सुगम होने की उम्मीद है।