कानपुर सेंट्रल के बेस किचनों का गहन निरीक्षण, यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर जोर

कानपुर। यात्रियों को रेल यात्रा के दौरान स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खान-पान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उप मुख्य यातायात प्रबंधक, कानपुर अकांशु गोविल ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन स्थित बेस किचनों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान आर.के. एसोसिएट्स और फूड वर्ल्ड द्वारा संचालित बेस किचनों की व्यवस्थाओं की जांच की गई। इन किचनों से शताब्दी एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस और तेजस जैसी प्रीमियम ट्रेनों में यात्रियों को नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जाता है।

उप मुख्य यातायात प्रबंधक ने खाद्य सामग्री के रख-रखाव, भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, किचन परिसर की साफ-सफाई, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित संचालकों एवं कर्मचारियों को निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

अकांशु गोविल ने स्पष्ट कहा कि यात्रियों के स्वास्थ्य और सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रीमियम ट्रेनों के यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि बेस किचनों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी जारी रहेगी। निरीक्षण के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। रेलवे की इस पहल से यात्रियों को बेहतर खान-पान सुविधा उपलब्ध कराने और भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी।