यात्रियों की सेहत सर्वोपरि, जम्मू मंडल में जल स्वच्छता अभियान तेज

जम्मू। यात्रियों और रेल कर्मचारियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने विशेष जल स्वच्छता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों, रेल कॉलोनियों, पंप हाउसों और कोचिंग डिपो में पानी की टंकियों की गहन सफाई और सैनिटाइजेशन किया जा रहा है।

जम्मू मंडल प्रशासन की ओर से पानी की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वर्ष 2025 में जम्मू मंडल के गठन के बाद से ही पेयजल की नियमित जांच की व्यवस्था जारी है। मौजूदा अभियान के दौरान अब तक 527 अवशिष्ट क्लोरीनीकरण जांच, 46 जैविक जांच तथा 46 एक्वा वायल और रासायनिक जांच पूरी की जा चुकी हैं। खास बात यह है कि सभी जांचों में पानी के नमूने सुरक्षित और संतोषजनक पाए गए हैं।

जल स्रोतों को बाहरी प्रदूषण से सुरक्षित रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मंडल के सभी भूमिगत और ऊपरी जल टैंकों को पूरी तरह ढकने और सील रखने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं, खुले जल स्रोतों को सुरक्षित रखने के लिए मजबूत लोहे की जालियां लगाई जा रही हैं, जिससे धूल-मिट्टी और अन्य बाहरी तत्व पानी को दूषित न कर सकें।

जम्मू मंडल का यह अभियान जल भंडारण व्यवस्था की स्वच्छता, सुरक्षा और नियमित निगरानी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि यात्रियों और कर्मचारियों को हर समय स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।