त्योहारों पर बड़ी राहत, नई दिल्ली-कटड़ा के बीच चलेंगी दो फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें

जम्मू। त्योहारी सीजन में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। नई दिल्ली और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन के दो-दो फेरे संचालित किए जाएंगे।

ट्रेन संख्या 04083 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा 9 और 16 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे नई दिल्ली से रवाना होकर अगले दिन सुबह 3 बजे कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04084 कटड़ा-नई दिल्ली 10 और 17 अक्टूबर को सुबह 10 बजे कटड़ा से रवाना होकर रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

यह ट्रेन कुल 655 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और इसमें आधुनिक एलएचबी के 22 कोच लगाए जाएंगे। ट्रेन का ठहराव सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, धंधारी कलां, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, कठुआ, जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशनों पर होगा।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 04081/04082 का संचालन भी जारी है, जो 26 अक्टूबर तक चलेगी। जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि त्योहारी सीजन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को आरक्षित सीट के साथ सुगम और आरामदायक यात्रा मिल सके। उन्होंने यात्रियों से समय रहते टिकट बुक कराने की अपील की है।