यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 327 वाहन चालकों पर लगा 9.28 लाख का शमन शुल्क

कासगंज। यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए शनिवार से दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन में प्रभारी यातायात लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में बस स्टैंड, सौरव ढाबा, नदरई तिराहा, मालगोदाम चौराहा सहित प्रमुख चौराहों और तिराहों पर चेकिंग की गई। पहले दिन 327 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार वाहन सीज किए गए और 9.28 लाख रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।

चेकिंग के दौरान डेसीबल मीटर से वाहनों की ध्वनि की जांच की गई। 80 डेसीबल से अधिक ध्वनि करने वाले 11 वाहनों और मोडिफाइड साइलेंसर लगे दो दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। नशे की हालत में वाहन चलाते मिले तीन चालकों पर भी कार्रवाई की गई।

दोपहिया इंटरसेप्टर वाहन से ओवरस्पीड की जांच में 52 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई। इसके अलावा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना फिटनेस, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और दोपहिया वाहन पर तीन सवारी सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के पहले दिन कुल 327 वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। चार वाहन सीज किए गए और कुल 9,28,000 रुपये का ऑनलाइन शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।

अभियान पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी यातायात रजनीश कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में प्रभारी यातायात लक्ष्मण सिंह तथा यातायात पुलिस टीम द्वारा चलाया गया।