मुख्य सड़क पर रोडवेज बसें रोकना पड़ा भारी, डीएम ने एआरएम को थमाया नोटिस

कासगंज। मुख्य मार्ग पर रोडवेज बसें रोककर सवारियां उतारने-बैठाने का मामला सामने आने पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एटा डिपो की बसें मुख्य मार्ग पर खड़ी कर सवारियां उतारते और बैठाते मिलीं। इससे यातायात प्रभावित होता देख जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और एआरएम को संबंधित के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान बस संचालन और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि बसें निर्धारित स्थान पर खड़ी करने के बजाय मुख्य मार्ग पर रोककर सवारियों को उतारा और बैठाया जा रहा था। डीएम ने कहा कि इस तरह बसें रोकने से राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी होती है तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।

उन्होंने निर्देश दिए कि रोडवेज बसों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा किया जाए और सवारियों को भी वहीं से उतारने-बैठाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एआरएम को निर्देशित किया गया कि सभी बस चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और मुख्य मार्ग पर मनमाने ढंग से बसें नहीं रोकने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए जाएं।

जिलाधिकारी ने भविष्य के लिए चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की समस्या दोबारा उनके संज्ञान में आती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी करने और बसों का संचालन निर्धारित स्थान से ही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एटा डिपो की बसों के मुख्य मार्ग पर खड़े होने का मामला सामने आने के बाद एआरएम को संबंधित के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।