मैनाठेर में छोटी फैक्ट्री में लगी आग, तीन दमकल वाहनों ने समय रहते पाया काबू

मुरादाबाद। थाना मैनाठेर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर चंदौसी रोड स्थित सफा अखदर छोटी फैक्ट्री में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन दमकल वाहनों को मौके पर रवाना किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

अग्निशमन विभाग को दोपहर 2:26 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। इसके तत्काल बाद फायर स्टेशन हलेट रोड से एक, कटघर से एक और बिलारी से एक फायर टेंडर मौके के लिए रवाना किया गया। टीम ने पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में तीनों फायर टेंडरों की मदद से आग को नियंत्रित कर पूरी तरह बुझा दिया गया। त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया।

अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने के कारणों की भी जांच की। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है। विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी घटना की आशंका टल गई।