मुरादाबाद में 260 चालकों की भर्ती, 16 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के मुरादाबाद क्षेत्र में अनुबंध के आधार पर 260 चालकों की भर्ती के लिए 16 सितंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी बुधवार को लाजपत नगर स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में आयोजित रोजगार मेले में शामिल होकर भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।

भर्ती के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता आठवीं पास, न्यूनतम ऊंचाई 5 फुट 3 इंच तथा आयु 23 वर्ष 6 माह से 58 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी के पास भारी वाहन चलाने का कम से कम दो वर्ष पुराना वैध लाइसेंस होना अनिवार्य है। साथ ही आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाण-पत्र और चालक लाइसेंस में जन्मतिथि व पिता का नाम समान होना चाहिए।

निगम की ओर से अनुबंधित चालकों को ₹2.20 प्रति किलोमीटर के आधार पर पारिश्रमिक दिया जाएगा। ग्रामीण जनता सेवा के लिए यह दर ₹2.32 प्रति किलोमीटर होगी। निर्धारित दिनों और किलोमीटर का संचालन पूरा करने पर चालकों को ₹3,000 से ₹4,000 तक अतिरिक्त भुगतान भी मिलेगा। लगातार बेहतर सेवा देने वाले चालकों के लिए अवकाश और प्रोत्साहन राशि का भी प्रावधान किया गया है।

इसके अलावा दो वर्ष की निरंतर सेवा और निर्धारित किलोमीटर पूरा करने पर पारिश्रमिक में बढ़ोतरी का प्रावधान है। चालक की मृत्यु होने पर समूह टर्म बीमा के तहत ₹5 लाख तथा ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर यात्री राहत योजना के तहत ₹7.5 लाख तक की सहायता का प्रावधान है। पर्वतीय क्षेत्र में बस संचालन और रात्रि ठहराव पर अतिरिक्त भत्ते की सुविधा भी दी जाएगी।

क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे 16 सितंबर को अपने सभी मूल दस्तावेजों और प्रमाणित छायाप्रतियों के साथ रोजगार मेले में पहुंचें। चयन प्रक्रिया में सफल अभ्यर्थियों का ड्राइविंग टेस्ट कराया जाएगा और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशिक्षण देकर बस संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।