मुरादाबाद में पर्यटन परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, तीन माह में प्रगतिशील कार्य पूरे करने के निर्देश

मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पर्यटन विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 में चल रही पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शासन से अनुमोदित नई परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जिले में विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। इनमें छजलैट ब्लॉक स्थित प्राचीन शिव मंदिर, लालबाग स्थित काली माता मंदिर, कुंदरकी स्थित प्राचीन महादेव मंदिर, लोदीपुर स्थित गुरु जम्भेश्वर बिश्नोई मंदिर, काशीराम नगर स्थित श्री द्वारकाधीश मंदिर, कांठ के घोसीपुरा स्थित मोहिनी मंदिर, शिव विहार कॉलोनी स्थित नटबाबा मंदिर तथा मूंढापांडे के भीतखेड़ा स्थित हनुमान मंदिर सहित अन्य परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड को निर्देश दिए कि सभी प्रगतिशील विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाते हुए अगले तीन माह में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुमोदित परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। इनमें कांठ विधानसभा के ग्राम मोड़ा स्थित प्राचीन शिव मंदिर, ठाकुरद्वारा के शिवनगर पथरखेड़ा स्थित प्राचीन शिव मंदिर, मुरादाबाद सदर स्थित डिप्टी जगन्नाथ मंदिर, कुंदरकी विधानसभा के गोट स्थित प्राचीन महादेव मंदिर तथा कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में ईदगाह स्थल के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।

नई परियोजनाओं को गति देने के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्था यूपी सिडको को जल्द से जल्द आगणन तैयार कर नियमानुसार शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि परियोजनाओं पर समय से आगे की कार्रवाई शुरू हो सके।

बैठक में पर्यटन अधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नामित कार्यदायी संस्था यूपी सिडको के अधिशासी अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।