मिठाई और बेकरी कारोबारियों को प्रशिक्षण मुरादाबाद में 76 मिष्ठान विक्रेताओं और बेकरी निर्माताओं को खाद्य सुरक्षा का प्रशिक्षण

मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से मंगलवार को जनपद के 76 मिष्ठान विक्रेताओं एवं बेकरी निर्माताओं को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में व्यापार संघ के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

प्रशिक्षण के दौरान कारोबारियों को खुली और बिना पैक की गई मिठाइयों पर ?यूज बाई? अथवा उपयोग की सर्वोत्तम तिथि अंकित करने के नियमों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मिठाइयों की सुरक्षित उपयोग अवधि उनकी प्रकृति, निर्माण प्रक्रिया और भंडारण परिस्थितियों के आधार पर तय की जानी चाहिए।

छेना और पनीर से बनी रसगुल्ला, रसमलाई, चमचम और संदेश जैसी मिठाइयों के जल्द खराब होने की संभावना को देखते हुए इनके सुरक्षित भंडारण पर विशेष जोर दिया गया। खोया-मावा से बनी मिठाइयों के साथ बेसन के लड्डू, सोनपपड़ी और काजू से बने उत्पादों को भी निर्धारित तापमान और स्वच्छ परिस्थितियों में रखने की सलाह दी गई।

बेकरी कारोबारियों को स्वच्छता, भंडारण और पहले आया माल पहले इस्तेमाल व्यवस्था अपनाने के निर्देश दिए गए। खाद्य सामग्री को जमीन से ऊपर, सूखी और कीटमुक्त जगह पर रखने, तैयार उत्पादों को सीधे हाथ से न छूने तथा दस्ताने और खाद्य-सुरक्षित चिमटे का इस्तेमाल करने को कहा गया। नट्स सहित एलर्जी पैदा करने वाली सामग्री को अलग रखने और खाद्य पदार्थों में संक्रमण रोकने के उपाय भी बताए गए।

खाद्य कारोबारियों को निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा लाइसेंस या पंजीकरण, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, कीट नियंत्रण अभिलेख, पानी की जांच रिपोर्ट, खाद्य-ग्रेड पैकेजिंग से संबंधित दस्तावेज और कच्चे माल की खरीद के बिल उपलब्ध रखने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इन्द्र बहादुर यादव सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे। विभाग ने सभी मिष्ठान विक्रेताओं और बेकरी निर्माताओं से खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कर उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की अपील की।