मुरादाबाद में पटाखा गोदाम की अग्नि सुरक्षा जांच, 8 लोगों को किया जागरूक

मुरादाबाद। दीपावली के मद्देनजर आग की घटनाओं को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अग्निशमन विभाग ने सोमवार को अग्नि सुरक्षा जांच अभियान चलाया। स्कीम नंबर-11 के तहत गंगानगर, अगवानपुर में जैन धर्म कांटे के पीछे स्थित पटाखों के भंडारण स्थल की जांच की गई। इस दौरान 8 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने आलोक गोयल के कार्यस्थल पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान संस्थान में मौजूद कर्मचारियों को आग से बचाव, अग्निशमन उपकरणों के उचित इस्तेमाल और आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही परिसर में मानकों के अनुरूप अग्निशमन व्यवस्था स्थापित करने और सुरक्षा उपकरणों को कार्यशील बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि अग्निशमन विभाग की ओर से पटाखों के भंडारण, निर्माण और बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान आग की घटनाओं की आशंका कम करना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।