मुरादाबाद में पटाखा गोदामों और दुकानों का अग्निशमन विभाग ने किया निरीक्षण

मुरादाबाद में पटाखा गोदामों और दुकानों का अग्निशमन विभाग ने किया निरीक्षण

तीन स्थानों पर चलाया अभियान, 15 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

मुरादाबाद। आगामी दीपावली के मद्देनजर अग्निशमन विभाग ने पटाखों के भंडारण निर्माण और बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा को लेकर अभियान चलाया। शनिवार 10 अक्टूबर को मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने जनपद के तीन स्थानों पर अग्नि सुरक्षा जांच और जागरूकता अभियान चलाया गया।

अपर पुलिस महानिदेशक अग्निशमन तथा आपात सेवा उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेश के अनुपालन में चलाए गए इस अभियान के तहत पटाखों के लाइसेंसी गोदामों और कार्यस्थलों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठान संचालकों और कर्मचारियों को आग से बचाव के उपायों तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।

अभियान के दौरान कृष्णा आतिशबाजी ग्राम मढ़ैया मुस्तकम थाना कटघर, सिंह क्रैकर्स ग्राम धारूपुर फाजलपुर थाना डिलारी और गौरव गुप्ता के ग्राम नगला हाशा मोहम्मदपुर बस्तौर थाना मैनाठेर स्थित कार्यस्थलों पर अग्नि सुरक्षा संबंधी जांच की गई। इन तीनों स्थानों पर कुल 15 लोगों को जागरूक किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रतिष्ठान संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप अग्निशमन व्यवस्था स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान का उद्देश्य पटाखों के भंडारण और बिक्री के दौरान आग की घटनाओं की आशंका को कम करना तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।