मां का इलाज कराकर लौट रहे यात्री का मोबाइल चोरी, छह घंटे में आरोपी गिरफ्तार

कासगंज। वृंदावन से अपनी वृद्ध मां का इलाज कराकर लौट रहे यात्री को कासगंज रेलवे स्टेशन पर झपकी लग गई। इसी दौरान चोर उसका करीब 26 हजार रुपये कीमत का वीवो मोबाइल चोरी कर ले गया। यात्री की शिकायत पर जीआरपी ने छह घंटे के भीतर मोबाइल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

फर्रुखाबाद के कायमगंज थाना क्षेत्र के रायपुर खास निवासी उत्तम शाक्य एक नवंबर को अपनी मां के साथ वृंदावन से लौट रहे थे। कासगंज रेलवे स्टेशन पर उन्हें झपकी लग गई। इसी दौरान किसी ने उनका मोबाइल चोरी कर लिया। उन्होंने जीआरपी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

जीआरपी ने मुखबिर की सूचना पर सुबह 11:15 बजे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से पिन्टू उर्फ पंकज निवासी धमरपुर, थाना पटियाली को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ। बरामदगी के बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए पिन्टू और पंकज नाम के साथ पिता के नाम भी पप्पू और सूरजपाल बताता है। उसके खिलाफ गंजडुंडवारा थाने में आबकारी अधिनियम के तहत शराब तस्करी का मुकदमा भी दर्ज है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुंतल, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल राजीव, कांस्टेबल वीरेश कुमार और कांस्टेबल आकाश फौजदार शामिल रहे।