बारह पत्थर मैदान में विधिक सेवा प्राधिकरण का मेगा शिविर आयोजित, 4962 लोगों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ

कासगंज। बारह पत्थर मैदान में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर (मेगा शिविर) का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 4962 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया, जबकि कुल 7034 लोगों का पंजीकरण हुआ। शिविर में 30 विभागीय स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र व्यक्तियों के आवेदन भी प्राप्त किए गए। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रामेश्वर ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया।

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय कृष्ण यादव, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिकरण हरविन्दर सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह, अपर जिला जज प्रथम रत्नेश कुमार श्रीवास्तव, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट धनन्जय कुमार मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक मन्जूर अहमद अन्सारी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट खान जीसान मसूद और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शालिनी विधेय सहित अन्य न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

शिविर में जिला विकास, समाज कल्याण, कृषि, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आवास विकास, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, पंचायत और श्रम विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों ने स्टॉल लगाए। इनके माध्यम से पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और मौके पर आवेदन प्राप्त कर उनका निस्तारण किया गया। विभागों की ओर से लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, धनराशि और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार, मुख्य शिविर से पहले विभिन्न विभागों की ओर से प्री-कैंप आयोजित किए गए थे। इनमें 3920 लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। वहीं, मुख्य शिविर के दौरान विभागीय स्टॉलों के माध्यम से 1042 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिला। इस प्रकार प्री-कैंप और मुख्य शिविर को मिलाकर कुल 4962 लोग लाभान्वित हुए। पूरे आयोजन में 7034 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास से जुड़े आयोजन भी हुए। जनपद न्यायाधीश रामेश्वर ने गोदभराई कार्यक्रम के तहत पांच गर्भवती महिलाओं को फल आदि प्रदान किए। इसके साथ ही सात-सात माह के शिशुओं आध्या, आयशा, हर्ष, नव्यांश और अमन को अन्नप्राशन संस्कार के तहत अन्न खिलाया गया।

कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा। बड़ी संख्या में आमजन ने भी शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और उनका लाभ उठाया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शालिनी विधेय ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन का आभार व्यक्त किया।