भारत गौरव ट्रेन से दक्षिण भारत दर्शन का मौका, 21 अक्टूबर से शुरू होगी 12 दिन की यात्रा

जयपुर। दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे के उपक्रम आईआरसीटीसी की ओर से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से दक्षिण भारत दर्शन यात्रा कराई जाएगी। 12 दिन की यह यात्रा 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक चलेगी।

भारत गौरव ट्रेन 21 अक्टूबर को सीकर जंक्शन से रवाना होगी और जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा तथा चित्तौड़गढ़ से यात्रियों को लेकर दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक जाएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम के रामनाथ स्वामी मंदिर, मदुरै के मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे।

आईआरसीटीसी जयपुर के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश सैनी के अनुसार, भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। ट्रेन में वातानुकूलित कोच, आधुनिक रसोई यान और जैव शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों के बजट के अनुसार यात्रा को स्टैंडर्ड और कंफर्ट दो श्रेणियों में रखा गया है।

स्टैंडर्ड श्रेणी का किराया 37,810 रुपये प्रति व्यक्ति है। इसमें तृतीय वातानुकूलित श्रेणी की रेल यात्रा, गैर-वातानुकूलित आवास और गैर-वातानुकूलित बस की सुविधा मिलेगी। वहीं कंफर्ट श्रेणी का किराया 50,290 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। इसमें द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी की रेल यात्रा के साथ वातानुकूलित आवास और वातानुकूलित बस की सुविधा दी जाएगी।

इन प्रमुख धार्मिक स्थलों के होंगे दर्शन

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन 21 अक्टूबर को सीकर से रवाना होकर 23 अक्टूबर को रेणीगुंटा पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम के बाद 24 अक्टूबर को यात्रियों को तिरुपति बालाजी के दर्शन कराए जाएंगे। 25 अक्टूबर को ट्रेन रेणीगुंटा से रामेश्वरम के लिए रवाना होगी और 26 अक्टूबर को रामेश्वरम पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं को रामनाथ स्वामी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।

27 अक्टूबर को रामेश्वरम से मदुरै के लिए यात्रा होगी। शाम को मीनाक्षी मंदिर के दर्शन के बाद ट्रेन कन्याकुमारी के लिए रवाना होगी। 28 अक्टूबर को कन्याकुमारी पहुंचने के बाद यात्रियों को स्थानीय भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद ट्रेन मरकापुर के लिए रवाना होगी।

30 अक्टूबर को मरकापुर पहुंचने पर यात्रियों को मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। दर्शन के बाद उसी रात वापसी यात्रा शुरू होगी और ट्रेन जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा तथा चित्तौड़गढ़ होते हुए 1 नवंबर को सीकर जंक्शन पहुंचेगी।

यात्रा पैकेज में यात्रियों को पुष्ट रेल बर्थ, होटल में ठहरने, नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, स्थानीय परिवहन, मंदिर दर्शन तथा बीमा की सुविधा भी शामिल रहेगी। सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के कर्मचारी वित्त मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्रता होने पर एलटीसी सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

यात्रा की विस्तृत जानकारी 8595930998 और 8595924336 पर प्राप्त की जा सकती है। पैकेज की बुकिंग आईआरसीटीसी पर्यटन वेबसाइट के माध्यम से तथा जयपुर स्थित आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय में जाकर भी की जा सकती है।