जयपुर में 63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइकिलिंग चैम्पियनशिप का शुभारंभ, 9 टीमों के 75 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

जयपुर। सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित साइकिलिंग वेलोड्रोम में मंगलवार को 63वीं अखिल भारतीय रेलवे ट्रैक साइकिलिंग चैम्पियनशिप 2026-27 का शुभारंभ हुआ। उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन, जयपुर के तत्वावधान में आयोजित यह चैंपियनशिप 22 से 24 सितंबर तक चलेगी। प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एवं उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सिंह ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

चैंपियनशिप में 9 रेलवे टीमों के करीब 75 खिलाड़ी और 45 अधिकारी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान कुल 8 प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। शुभारंभ अवसर पर राजीव सिंह ने खिलाड़ियों को साइकिलिंग के महत्व के बारे में जानकारी दी और टीम भावना के साथ खेलते हुए बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के पहले दिन आयोजित 15 किलोमीटर स्क्रैच रेस में मध्य रेलवे के अजय पाल सिंह ने स्वर्ण, उत्तर रेलवे के नमन कपिल ने रजत और दक्षिण पश्चिम रेलवे के सुजल जादव ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं टीम स्प्रिंट प्रतिस्पर्धा में मध्य रेलवे ने प्रथम, उत्तर रेलवे ने द्वितीय और दक्षिण पश्चिम रेलवे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर (निर्माण) दीपक वर्मा, ओएसडी स्पोर्ट्स जितेंद्र कुमार सहित रेलवे के अधिकारी, खिलाड़ी और आयोजन समिति के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

चैंपियनशिप के दूसरे दिन 23 सितंबर को स्प्रिंट, 1 किलोमीटर टाइम ट्रायल और 4 किलोमीटर इंडिविजुअल परस्यूट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 24 सितंबर को होगा।