बिलारी में आतिशबाजी की दुकानों और गोदामों का संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

बिलारी में आतिशबाजी की दुकानों और गोदामों का संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

डीएम अनुनय झा और एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देश पर चला जांच अभियान, स्टॉक बुक और आपातकालीन निकास मार्गों की हुई जांच

मुरादाबाद। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में आतिशबाजी और विस्फोटक पदार्थों की बिक्री एवं भंडारण को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी अनुनय झा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर तहसील बिलारी क्षेत्र में आतिशबाजी के विक्रय स्थलों और भंडारण स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण अभियान में उपजिलाधिकारी बिलारी, क्षेत्राधिकारी बिलारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय, अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा और थाना प्रभारी मैनाठेर शामिल रहे। अधिकारियों ने आतिशबाजी की दुकानों और गोदामों पर पहुंचकर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

इस दौरान अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, आतिशबाजी के भंडारण की व्यवस्था, स्टॉक बुक और आपातकालीन निकास मार्गों की जांच की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोका जा सके।

प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य आतिशबाजी के विक्रय और भंडारण को सुरक्षित बनाना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।