मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 20 किलो खराब पनीर कराया नष्ट

मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 20 किलो खराब पनीर कराया नष्ट

गोविंद नगर और करूला की डेयरियों व मिठाई की दुकानों से दूध, खोया, पनीर और मिठाइयों के 6 नमूने लिए

मुरादाबाद। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इस दौरान दूध, खोया, पनीर और मिठाइयों समेत कुल 6 नमूने एकत्र किए गए। वहीं, खराब गंध और स्वाद के कारण 20 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया गया, जिसकी कीमत 6000 रुपये बताई गई है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गोविंद नगर स्थित चौधरी दूध डेयरी से खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृपा शंकर के माध्यम से मिश्रित दूध का नमूना लिया। हनी स्वीट्स के खाद्य कारोबारी संजू प्रजापति की दुकान से खाद्य सुरक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने सोनपपड़ी और छेना मिठाई के नमूने एकत्र किए। इसके अलावा प्रेम दूध भंडार से खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके यादव ने पनीर का नमूना लिया। इसी दौरान दुकान पर मिले 20 किलोग्राम पनीर को खराब गंध और स्वाद के कारण नष्ट कराया गया।

विभागीय टीम ने करूला स्थित मुन्ना दूध डेयरी पर भी कार्रवाई की। यहां खाद्य कारोबारी जमशेद की डेयरी से खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृपा शंकर ने खोया और खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके यादव ने मिश्रित दूध का नमूना लिया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करना और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।