फिरोजपुर मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक, हिंदी में कामकाज बढ़ाने पर जोर

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल की मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक 21 सितंबर को मंडल कार्यालय के सभाकक्ष में मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मंडल के सभी शाखा अधिकारियों और मुख्य कार्यालय अधीक्षकों ने भाग लिया।

बैठक की शुरुआत में मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने 1 से 15 सितंबर तक आयोजित राजभाषा पखवाड़ा-2026 के सफल आयोजन के लिए राजभाषा विभाग को बधाई दी। उन्होंने पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में मंडल के कर्मचारियों की बड़ी संख्या में भागीदारी की सराहना की।

मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय निरीक्षण के दौरान राजभाषा में हो रहे कार्यों की प्रगति का भी अवलोकन करें और इसका उल्लेख निरीक्षण रिपोर्ट में किया जाए। उन्होंने कहा कि राजभाषा में कामकाज करते समय सहज और सरल शब्दों का अधिक से अधिक प्रयोग किया जाना चाहिए।

अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी नितिन गर्ग ने अधिकारियों से स्वयं हिंदी में काम करने और अधीनस्थ कर्मचारियों को भी हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया।

बैठक का संचालन सहायक मंडल सामग्री प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी मस्तराम मीना ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।