फिरोजपुर मंडल में पहली बार अंतर-विभागीय वॉलीबाल टूर्नामेंट का आगाज

फिरोजपुर। रेल कर्मचारियों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने और उनमें टीम भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल में पहली बार अंतर-विभागीय वॉलीबाल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। टूर्नामेंट का आयोजन 12 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा, जिसमें मंडल के विभिन्न विभागों की कुल नौ टीमें हिस्सा ले रही हैं।

टूर्नामेंट का उद्घाटन 12 सितंबर को रेलवे ऑफिसर्स क्लब, फिरोजपुर में मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने किया। उद्घाटन मुकाबला विद्युत एवं यांत्रिक विभाग की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में यांत्रिक विभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाली नौ टीमों को दो समूहों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक टीम में अधिकारियों के साथ-साथ अधीनस्थ कर्मचारियों की भी भागीदारी सुनिश्चित की गई है। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले शनिवार और रविवार को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 4 अक्टूबर को आयोजित होगा। प्रतियोगिता का आयोजन वरिष्ठ मंडल खेल अधिकारी राहुल देव की देखरेख में किया जा रहा है।

इस अंतर-विभागीय प्रतियोगिता से रेल कर्मचारियों में न केवल शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के बीच आपसी सामंजस्य, सहयोग और टीम भावना भी मजबूत होगी।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनावमुक्त रहते हुए स्वयं को स्वस्थ रखना चुनौतीपूर्ण है। रेल कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य और फिटनेस विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े होते हैं। ऐसे में प्रत्येक कर्मचारी को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से कर्मचारियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होने के साथ-साथ कार्यस्थल पर बेहतर समन्वय और सकारात्मक वातावरण को भी बढ़ावा मिलता है।