फिरोजपुर मंडल में हिंदी काव्य-पाठ प्रतियोगिता का आयोजन, रेलकर्मियों ने दिखाई प्रतिभा

फिरोजपुर। मंडल में 1 से 15 सितंबर तक मनाए जा रहे राजभाषा पखवाड़ा-2026 के तहत बुधवार को रेलवे स्टेशन फिरोजपुर के सभाकक्ष में हिंदी काव्य-पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न स्टेशनों से आए 13 रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों ने अपनी स्वरचित कविताओं का प्रभावशाली पाठ किया। निर्णायक मंडल ने कविताओं की विषय-वस्तु, प्रस्तुति, शैली और प्रभाव के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। निर्णायक की भूमिका सहायक वाणिज्य प्रबंधक राज कुमार एवं सहायक मंडल वित्त प्रबंधक सुखबीर सिंह ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अनुवादक सुनील ने किया।

प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए निर्णायक मंडल ने सभी प्रतिभागियों की सराहना की और पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी। मंडल कार्यालय फिरोजपुर के वरिष्ठ लिपिक अभिलाष छावड़ा ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। मंडल कार्यालय फिरोजपुर की तकनीशियन प्रीति कुमार ने द्वितीय तथा डीजल शेड लुधियाना के तकनीशियन-1 अशोक कुमार ने तृतीय पुरस्कार हासिल किया।

राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता ने रेलकर्मियों में हिंदी के प्रति रुचि, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति की भावना को बढ़ावा देने का कार्य किया।