फिरोजपुर मंडल में आरपीएफ का सराहनीय अभियान, 71 बच्चों को परिजनों से मिलाया, 45.76 लाख का खोया सामान लौटाया

फिरोजपुर। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करते हुए अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक कई विशेष अभियान चलाए। ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत 71 लापता और बिछड़े बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलवाया, जबकि ऑपरेशन अमानत के तहत 349 मामलों में यात्रियों का खोया हुआ सामान बरामद कर वापस लौटाया।

आरपीएफ ने ऑपरेशन अमानत के तहत कुल 45,76,444 रुपये कीमत का सामान उसके असली मालिकों को सुपुर्द किया। इसमें लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैग, पर्स सहित अन्य कीमती वस्तुएं शामिल थीं।

वहीं ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के माध्यम से लापता, घर से भागे और अपहृत बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए 71 बच्चों को सकुशल उनके परिवारों तक पहुंचाया गया।

इसके अलावा ऑपरेशन जन जागरण के तहत आरपीएफ ने यात्रियों और आमजन को सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक किया। यात्रियों को लावारिस वस्तुओं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत रेलवे प्रशासन को देने, बिना उचित कारण चेन पुलिंग नहीं करने और नशाखुरानी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

आरपीएफ के इन अभियानों से यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ रेलवे के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।