पंजाब से दक्षिण भारत तक माल ढुलाई को मिलेगी रफ्तार, साहनेवाल-मुंडियामपक्कम के बीच पार्सल कार्गो एक्सप्रेस शुरू

फिरोजपुर मंडल की नई माल परिवहन सेवा

पंजाब से दक्षिण भारत तक माल ढुलाई को मिलेगी रफ्तार, साहनेवाल-मुंडियामपक्कम के बीच पार्सल कार्गो एक्सप्रेस शुरू

पहली ट्रेन से रेलवे को मिला 15.63 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व, 392 टन क्षमता वाले 16 डिब्बों से होगी माल ढुलाई

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने पंजाब और दक्षिण भारत के औद्योगिक क्षेत्रों के बीच माल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए साहनेवाल से मुंडियामपक्कम रेलवे स्टेशन के बीच पार्सल कार्गो एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की है। इस सेवा से व्यावसायिक सामान की तेज, सुगम और किफायती ढुलाई को बढ़ावा मिलेगा। रेलवे के अनुसार, इस सेवा का संचालन छह वर्ष की अवधि के लिए किया जाएगा और ट्रेन दोनों दिशाओं में माल परिवहन करेगी।

पहली ट्रेन से 15.63 लाख रुपये का राजस्व

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में शुरू हुई इस सेवा की पहली ट्रेन 10 अक्टूबर 2026 को पंजाब के साहनेवाल से रवाना की गई। इसमें पैकेज्ड खाद्य पदार्थों और मशीनरी के पुर्जों सहित विभिन्न प्रकार का व्यावसायिक माल भेजा गया।

इस पार्सल कार्गो एक्सप्रेस ट्रेन में 16 एलएचबी उच्च क्षमता वाली पार्सल वैन लगाई गई हैं। इनकी कुल माल वहन क्षमता 392 टन है। पहली ट्रेन के संचालन से फिरोजपुर मंडल को 15.63 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।

उद्योगों को मिलेगा सीधा लाभ

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (माल ढुलाई) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि पार्सल कार्गो एक्सप्रेस सेवा से पंजाब और दक्षिण भारत के औद्योगिक क्षेत्रों के बीच व्यावसायिक माल की आवाजाही को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इससे कारोबारियों को सामान भेजने के लिए रेल परिवहन का एक व्यवस्थित विकल्प उपलब्ध होगा।

रेलवे की यह पहल पार्सल सेवाओं के आधुनिकीकरण, माल ढुलाई क्षमता के बेहतर उपयोग और रेल आधारित परिवहन के नए अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे रेलवे के मालभाड़ा राजस्व में वृद्धि के साथ औद्योगिक क्षेत्रों के बीच व्यापारिक संपर्क मजबूत होने की भी उम्मीद है।