वाणिज्य विभाग और इलेक्ट्रिक शेड की टीमें वॉलीबाल टूर्नामेंट के फाइनल में

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल में पहली बार विभिन्न विभागों के बीच आयोजित किए जा रहे अंतर-विभागीय वॉलीबाल टूर्नामेंट में वाणिज्य विभाग और इलेक्ट्रिक शेड की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमीफाइनल मुकाबले 27 सितंबर को खेले गए।

पहले सेमीफाइनल में वाणिज्य विभाग की टीम ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/एफएस परमदीप सिंह सैनी के नेतृत्व में इलेक्ट्रिकल एवं आरएसओ की संयुक्त टीम को लगातार दो सेटों में 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में इलेक्ट्रिक शेड की टीम ने मैकेनिकल विभाग की टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

टूर्नामेंट का आयोजन वरिष्ठ मंडल खेल अधिकारी राहुल देव की अध्यक्षता में कराया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर रेल कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमों को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की सराहना की।