निर्भान सिंह यादव बने भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक, बिहार के दो जिलों की भी मिली जिम्मेदारी, समर्थकों में खुशी की लहर

हरदोई। उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव निर्भान सिंह यादव को भारतीय युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही पार्टी की ओर से गठित पंचायत टास्क फोर्स (पीटीएफ) में उन्हें बिहार के दो जिलों बेगूसराय और समस्तीपुर का प्रभारी भी बनाया गया है। उनकी नियुक्ति से हरदोई समेत प्रदेश के उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है।
राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलने के बाद निर्भान सिंह यादव बिहार में संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय हैं। उन्होंने 18 सितंबर को बेगूसराय में प्रेसवार्ता का भी आयोजन किया। पार्टी के आंदोलनों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में वह प्रदेश की राजधानी लखनऊ से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
निर्भान सिंह यादव इससे पहले संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह लगातार तीन बार हरदोई युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। प्रदेश महासचिव के रूप में कार्य करने के बाद अब भारतीय युवा कांग्रेस में उन्हें राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक निर्भान सिंह यादव ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने एक गरीब किसान के बेटे पर जो भरोसा और विश्वास जताया है, उसके लिए वह हृदयतल से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के विचारों और दृष्टि को आगे बढ़ाने के लिए वह पूरी निष्ठा, क्षमता, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ निरंतर संघर्ष करते रहेंगे।