धान खरीदी केंद्रों में नियुक्तियों और प्रभार वितरण पर उठे सवाल, मुढ़ाली और कोरबी का मामला गरमाया

CITIUPDATE NEWSसंतोष सारथी/कोरबा धान खरीदी शुरू होने से पहले जिले के उपार्जन केंद्रों में नियुक्तियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कटघोरा ब्लॉक के मुढ़ाली और पाली ब्लॉक के कोरबी उपार्जन केंद्र में नियमों की अनदेखी कर नियुक्तियां और प्रभार बांटने के आरोप लगाए गए हैं। मुढ़ाली के सरपंच रामेश्वर सिंह मरकाम सहित जनप्रतिनिधियों ने इस संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने और मामले की जांच कराने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, मुढ़ाली के नवीन धान उपार्जन केंद्र में बिना सार्वजनिक विज्ञापन के नियुक्ति की तैयारी की गई। वहीं, कोरबी केंद्र में फड़ प्रभारी और बारदाना प्रभारी के पद पर विभागीय कर्मचारी नहीं होने के बावजूद बाहरी व्यक्तियों को जिम्मेदारी सौंपने का आरोप है। शिकायत में कृष्ण कुमार राठौर को फड़ प्रभारी और प्रमोद कंवर को बारदाना प्रभारी बनाए जाने पर सवाल उठाए गए हैं।

कलेक्टर से उच्चस्तरीय जांच की मांग

शिकायतकर्ताओं ने नियुक्तियों और स्थानांतरण में कथित आर्थिक लेन-देन तथा नियमों की अनदेखी की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि धान खरीदी में तौल, नमी मापन, टोकन और ऑनलाइन एंट्री जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं होती हैं। ऐसे में अयोग्य या अनुभवहीन लोगों को जिम्मेदारी सौंपने से किसानों को परेशानी हो सकती है।
जनप्रतिनिधियों ने सभी खरीदी केंद्रों में नियुक्तियों के लिए सार्वजनिक विज्ञापन जारी कर पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाने की मांग की है। साथ ही, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। हालांकि, लगाए गए आरोपों पर सहकारिता विभाग का पक्ष सामने आना बाकी है।