बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में भोलाशरण यादव ने जीता कांस्य पदक

CITIUPDATE NEWS/संतोष सारथी/कोरबा कोरबा बालोद में आयोजित 25वीं मिस्टर छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में कोरबा के भोलाशरण यादव ने मास्टर ओपन वर्ग में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 250 बॉडी बिल्डरों ने हिस्सा लिया। मास्टर ओपन वर्ग में 15 प्रतिभागियों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें भोलाशरण ने अपनी शारीरिक फिटनेस और प्रदर्शन के दम पर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

भोलाशरण यादव बालको थाना में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों के साथ वे बॉडी बिल्डिंग के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। नियमित अभ्यास और शारीरिक फिटनेस के प्रति समर्पण के चलते उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल की।

उनकी इस सफलता से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में पदक जीतकर उन्होंने पुलिस विभाग के साथ कोरबा जिले का भी प्रतिनिधित्व किया। उनकी उपलब्धि युवाओं को नियमित व्यायाम, अनुशासन और फिटनेस के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देती है।