दोस्त का लैपटॉप चुराकर उसी के साथ पहुंचा रिपोर्ट लिखाने, जीआरपी ने किया गिरफ्तार

कासगंज। इंजीनियरिंग के छात्र का लैपटॉप चोरी करने के बाद उसका सहपाठी ही उसके साथ रिपोर्ट दर्ज कराने जीआरपी थाने पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शक से बचने के लिए ऐसा किया था। जीआरपी कासगंज ने मामले का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 64 हजार रुपये कीमत का लैपटॉप, चार्जर और बैग बरामद किया गया है।

पटियाली थाना क्षेत्र के नकदुरू गांव निवासी मन्नत ग्रेटर नोएडा स्थित आईआईएमटी विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करते हैं। 16 अक्टूबर को वह अपने सहपाठी आकांशु निवासी नगला नुमेर, गंजडुंडवारा के साथ गोरखपुर एक्सप्रेस से मथुरा से गंजडुंडवारा आ रहे थे। यात्रा के दौरान हाथरस रोड रेलवे स्टेशन के पास उनका बैग चोरी हो गया। बैग में एसर कंपनी का नया लैपटॉप और चार्जर रखा था। मन्नत ने आकांशु के साथ जीआरपी कासगंज पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। घटनास्थल हाथरस सिटी जीआरपी क्षेत्र का होने के कारण जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला वहां स्थानांतरित कर दिया गया।

जीआरपी कासगंज की जांच में सामने आया कि आकांशु की नजर अपने सहपाठी के महंगे लैपटॉप पर थी। पुलिस के अनुसार, उसने अपने मित्र अनिकेत निवासी बहारपुर, गंजडुंडवारा को बिना बताए मथुरा रेलवे स्टेशन पर बुला लिया। ट्रेन में मन्नत को नींद आने पर दोनों ने कथित तौर पर लैपटॉप चोरी कर लिया। इसके बाद अनिकेत दूसरे कोच में चला गया। चोरी के बाद आकांशु अपने सहपाठी के साथ थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराने में मदद करने लगा, ताकि उस पर शक न हो।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी लैपटॉप बेचने के लिए दिल्ली के नेहरू प्लेस भी गए थे, लेकिन बिल नहीं होने के कारण उसे मनचाही कीमत पर नहीं बेच सके। जीआरपी कासगंज की टीम ने 25 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास पार्सल घर से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी का लैपटॉप, चार्जर और बैग बरामद हुआ। सामान की कीमत करीब 64 हजार रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकांशु (20) पुत्र प्रदीप कुमार निवासी नगला नुमेर और अनिकेत (19) पुत्र मुकेशचंद्र निवासी बहारपुर, थाना गंजडुंडवारा के रूप में हुई है। जीआरपी कासगंज ने बरामदगी के संबंध में बीएनएस की धारा 317(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। लैपटॉप चोरी का मूल मामला हाथरस सिटी जीआरपी में दर्ज है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुंतल, उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार तथा कांस्टेबल भागीरथ, चंदन बाना और वीरेश कुमार शामिल रहे।