कैशलेस चिकित्सा योजना लागू करने की मांग को लेकर स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ ने सौंपा ज्ञापन

कासगंज। स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ उत्तर प्रदेश ने निकाय कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रदेश अध्यक्ष बालेश्वर मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। लखनऊ के लालबाग स्थित उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक सभागार में आयोजित महासंघ की प्रांतीय बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों की नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए। प्रदेश उप महामंत्री विजय राजपूत ने निकाय कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना शीघ्र लागू करने की मांग उठाई।

प्रांतीय अध्यक्ष बालेश्वर मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि सरकार और शासन की ओर से निकाय कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। इससे कर्मचारियों का धैर्य टूटता जा रहा है। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर कर्मचारी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष राजबहादुर उपाध्याय ने कहा कि कर्मचारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना होगा, तभी उनका निदान संभव है।

प्रदेश उप महामंत्री विजय राजपूत ने कहा कि निकाय कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शासनादेश जारी किया जाना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष बालेश्वर मिश्रा ने कहा कि वह कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुटता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वह उनके साथ हैं।

महासंघ की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में कार्यरत आउटसोर्स श्रमिकों का बढ़ा हुआ वेतन लागू करने के लिए निदेशालय से शीघ्र निर्देश जारी करने की मांग की गई। इसके अलावा दैनिक वेतन और संविदा कर्मचारियों के विनियमितीकरण, अकेंद्रीयत सेवा नियमावली शीघ्र प्रख्यापित करने, निकायों के लिपिक कर्मचारियों की वेतन विसंगतियां दूर करने और बंद हो चुकी सामूहिक बीमा पॉलिसी दोबारा शुरू कराने की मांग उठाई गई।

ज्ञापन में 74वें संविधान संशोधन की व्यवस्थाएं निकायों में लागू करने, संविदा पर भर्ती सफाई कर्मचारियों को नियमित करने, वर्षों से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों और आउटसोर्स श्रमिकों का विनियमितीकरण कर आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने, पुरानी पेंशन बहाल करने तथा राज्य वित्त आयोग से मिलने वाली धनराशि बढ़ाने की मांग भी शामिल रही।

बैठक में कासगंज से विजय राजपूत, अमर जयन्त, रोहन सिंह चौहान, अशोक मिश्रा, खलीक अहमद और महेश चंद्र वर्मा सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों के सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।