देवउठनी एकादशी पर रेलवे चलाएगा 3 अनारक्षित स्पेशल रेलसेवाएं

देवउठनी एकादशी पर रेलवे चलाएगा 3 अनारक्षित स्पेशल रेलसेवाएं

भिवानी-कुरुक्षेत्र और कुरुक्षेत्र-फुलेरा के बीच अतिरिक्त ट्रेनें, 18 से 22 नवंबर तक यात्रियों को मिलेगी सुविधा

देवउठनी एकादशी के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने विशेष रेलसेवाओं के संचालन का निर्णय लिया है। इसके तहत भिवानी-कुरुक्षेत्र के बीच एक तरफा अनारक्षित स्पेशल ट्रेन तथा कुरुक्षेत्र-फुलेरा-कुरुक्षेत्र के बीच चार जोड़ी अनारक्षित स्पेशल रेलसेवाएं संचालित की जाएंगी। इन ट्रेनों के संचालन से त्योहार के दौरान यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04743 भिवानी-कुरुक्षेत्र अनारक्षित एक तरफा स्पेशल 18 नवंबर 2026 को एक ट्रिप संचालित होगी। यह भिवानी से शाम 4:30 बजे रवाना होकर रात 10 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। रास्ते में कलानौर कलां, रोहतक और पानीपत स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में 12 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 14 डिब्बे होंगे।

इसी क्रम में गाड़ी संख्या 04745 कुरुक्षेत्र-फुलेरा अनारक्षित स्पेशल 18 से 21 नवंबर तक प्रतिदिन कुरुक्षेत्र से रात 11:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:30 बजे फुलेरा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04746 फुलेरा-कुरुक्षेत्र अनारक्षित स्पेशल 19 से 22 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 9:50 बजे फुलेरा से रवाना होकर उसी दिन रात 8 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी।

यह ट्रेन कैथल, नरवाना, जींद, जुलाना, रोहतक, अस्थल बोहर, झज्जर, रेवाड़ी, कुंड, अटेली, नारनौल, डाबला, नीमकाथाना, कावंट, श्रीमाधोपुर, रींगस और रेनवाल स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस रेलसेवा में भी 12 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 14 डिब्बे होंगे।

रेलवे की ओर से त्योहार के दौरान अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए किए गए इस इंतजाम से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।