आलोक मिश्रा ने उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक का कार्यभार संभाला

आलोक मिश्रा ने उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक का कार्यभार संभाला

रेलवे के आधारभूत ढांचे के विकास और प्रशासन का 34 वर्षों से अधिक का अनुभव, उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना में भी निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारी

जयपुर। आलोक मिश्रा ने सोमवार को उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक का कार्यभार ग्रहण कर लिया। भारतीय रेल इंजीनियरिंग सेवा के वर्ष 1991 बैच के वरिष्ठ अधिकारी आलोक मिश्रा को रेलवे के आधारभूत संरचना विकास, रेलपथ अनुरक्षण और प्रशासनिक कार्यों का 34 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, अपर महाप्रबंधक का पदभार संभालने से पहले आलोक मिश्रा उत्तर रेलवे में उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) के महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत थे। इससे पूर्व वह उत्तर रेलवे में मुख्य ट्रैक इंजीनियर की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

अपने तीन दशक से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने रेलवे के कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए रेल अवसंरचना के विकास, रेलपथ की गुणवत्ता, अनुरक्षण और परिचालन व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया है। चुनौतीपूर्ण परियोजनाओं और प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर उन्होंने अपनी तकनीकी विशेषज्ञता और कार्यकुशलता का परिचय दिया है।

आलोक मिश्रा के अनुभव और प्रशासनिक दक्षता से उत्तर पश्चिम रेलवे की विकास परियोजनाओं को नई गति मिलने के साथ ही रेल अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।