देवउठनी एकादशी पर यात्रियों को राहत, रेवाड़ी-सीकर ट्रेन का ढेहर का बालाजी तक होगा अस्थाई विस्तार

जयपुर। देवउठनी एकादशी पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने विशेष सुविधा प्रदान की है। रेलवे प्रशासन ने रेवाड़ी-सीकर-रेवाड़ी रेलसेवा का जयपुर स्थित ढेहर का बालाजी स्टेशन तक अस्थाई विस्तार करने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 54804 रेवाड़ी-सीकर-ढेहर का बालाजी रेलसेवा 19 से 21 नवंबर 2026 तक तीन फेरे लगाएगी। यह ट्रेन रेवाड़ी से दोपहर 15:10 बजे रवाना होकर रात 23:05 बजे ढेहर का बालाजी पहुंचेगी।

इसी प्रकार वापसी में गाड़ी संख्या 54805 ढेहर का बालाजी-सीकर-रेवाड़ी रेलसेवा 20 से 22 नवंबर 2026 तक तीन फेरे लगाएगी। यह ट्रेन ढेहर का बालाजी से सुबह 04:35 बजे रवाना होकर दोपहर 12:30 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।

रेलवे के इस निर्णय से देवउठनी एकादशी के अवसर पर जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।