दीपावली और छठ पूजा पर रेलवे की बड़ी तैयारी, 70 से अधिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन; अहमदाबाद मंडल में 24 घंटे सुरक्षा निगरानी

अहमदाबाद। दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न गंतव्यों के बीच विशेष ट्रेनों के 70 से अधिक फेरे संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। अहमदाबाद, साबरमती और असारवा रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि त्योहारों के दौरान मुख्य रूप से उत्तर भारत की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनके माध्यम से बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। राजकोट और भुज की ओर से आने वाली तथा अहमदाबाद और साबरमती से होकर गुजरने वाली लगभग 20 से 25 ट्रेनों के यात्रियों की आवाजाही को भी ध्यान में रखा गया है।

तीनों प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात

त्योहारों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अहमदाबाद स्टेशन पर 55, साबरमती स्टेशन पर 40 और असारवा स्टेशन पर 15 अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए हैं। अहमदाबाद स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा विशेष बल की एक अतिरिक्त कंपनी की भी सहायता ली जा रही है। तीनों स्टेशनों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत अहमदाबाद स्टेशन पर 119 और साबरमती स्टेशन पर 121 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा 60 अतिरिक्त कैमरे लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है। सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष में भी कर्मचारियों की चौबीसों घंटे तैनाती की गई है। यात्रियों से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए सादे कपड़ों में भी आरपीएफ जवान तैनात किए गए हैं।

होल्डिंग एरिया में यात्रियों के बैठने की व्यवस्था

साबरमती स्टेशन पर टिकट काउंटर से लेकर होल्डिंग एरिया और प्लेटफॉर्म तक यात्रियों के लिए व्यवस्थित कतार प्रबंधन किया गया है। यात्रियों को पहले टिकट उपलब्ध कराया जाता है, इसके बाद उन्हें होल्डिंग एरिया में बैठाया जाता है और ट्रेन के निर्धारित समय पर कतारबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया जाता है।

महिला यात्रियों, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को प्राथमिकता दी जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस और यातायात पुलिस आपसी समन्वय से व्यवस्था संभाल रहे हैं।

उद्घोषणा प्रणाली से यात्रियों को किया जा रहा जागरूक

रेलवे स्टेशन पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से यात्रियों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। यात्रियों से धक्का-मुक्की नहीं करने, ट्रेन के पायदान पर खड़े होकर सफर नहीं करने और अनजान व्यक्तियों से खाने-पीने की वस्तुएं स्वीकार नहीं करने की अपील की जा रही है।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए तीनों प्रमुख स्टेशनों पर लगातार निगरानी और व्यवस्थाओं का संचालन किया जा रहा है।