दिवाली-छठ पर मध्य रेल का बड़ा टिकट जांच अभियान, 2.27 लाख बेटिकट यात्रियों से वसूले 24.74 करोड़ रुपये

दिवाली-छठ पर मध्य रेल का बड़ा टिकट जांच अभियान, 2.27 लाख बेटिकट यात्रियों से वसूले 24.74 करोड़ रुपये

15 दिनों में 250 से अधिक विशेष ट्रेनें चलीं, 56 लाख से ज्यादा यात्रियों ने किया सफर, मुंबई मंडल जुर्माना वसूली में सबसे आगे

मध्य रेल ने दिवाली और छठ पूजा के त्योहारी सीजन में बिना टिकट एवं अनधिकृत यात्रा करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। रेलवे की टिकट जांच टीमों ने 1 से 15 नवंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाकर 2.27 लाख बेटिकट यात्रियों को पकड़ा और उनसे जुर्माने के रूप में 24.74 करोड़ रुपये की वसूली की। यह कार्रवाई मध्य रेल के विभिन्न मंडलों के स्टेशनों और ट्रेनों में नियमित जांच के साथ विशेष अभियान चलाकर की गई।

इस अभियान में मुंबई मंडल ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया। मुंबई मंडल ने मुख्यालय की टिकट जांच टीमों के सहयोग से 1.06 लाख मामलों में 11.04 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला। कुल जुर्माना वसूली में मुंबई मंडल की हिस्सेदारी करीब 45 प्रतिशत रही। वहीं, भुसावल मंडल ने 64,332 मामलों में 7.98 करोड़ रुपये वसूलकर कुल वसूली में 32 प्रतिशत से अधिक का योगदान दिया।

अन्य मंडलों में पुणे मंडल ने 23,189 मामलों में 2.67 करोड़ रुपये, नागपुर मंडल ने 24,253 मामलों में 2.25 करोड़ रुपये और सोलापुर मंडल ने 9,134 मामलों में 79.38 लाख रुपये का जुर्माना वसूला।

त्योहारी सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए मध्य रेल ने नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त 250 से अधिक दिवाली और छठ पूजा विशेष ट्रेन सेवाओं का संचालन किया। इन विशेष ट्रेनों के माध्यम से 56 लाख से अधिक यात्रियों ने अपने गंतव्य तक यात्रा की। रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करने के लिए विशेष ट्रेनों के साथ अनारक्षित सेवाओं का भी संचालन किया।

मध्य रेल की टिकट जांच टीमें यात्रियों की सुविधा और रेलवे राजस्व की सुरक्षा के लिए लगातार सक्रिय रहीं। इस दौरान स्टेशन जांच, औचक जांच, किलेबंदी जांच, सघन जांच और मेगा टिकट जांच अभियान चलाए गए। इन अभियानों में मेल, एक्सप्रेस, पैसेंजर और विशेष ट्रेनों के साथ मुंबई एवं पुणे मंडलों की उपनगरीय ट्रेनों को भी शामिल किया गया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार बिना वैध टिकट यात्रा करना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। बेटिकट यात्रा से रेलवे के राजस्व को नुकसान पहुंचता है, जबकि इसी राजस्व का उपयोग यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और रेलवे के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने में किया जाता है।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा और जुर्माने से बचने के लिए हमेशा उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। मध्य रेल ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट यात्रा के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेंगे।