त्योहारों पर रेलवे की सौगात, चंडीगढ़-पटना के बीच चलेगी आरक्षित स्पेशल ट्रेन

त्योहारों पर रेलवे की सौगात, चंडीगढ़-पटना के बीच चलेगी आरक्षित स्पेशल ट्रेन

अंबाला छावनी और सहारनपुर में होगा ठहराव, 6 नवंबर को चंडीगढ़ से होगी रवाना

अंबाला। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने चंडीगढ़ और पटना के बीच एक फेरे की आरक्षित त्योहार विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04510 चंडीगढ़-पटना आरक्षित त्योहार विशेष एक्सप्रेस 6 नवंबर 2026 को चंडीगढ़ से रात 10 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 9:15 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04509 पटना-चंडीगढ़ आरक्षित त्योहार विशेष एक्सप्रेस 7 नवंबर को रात 11:15 बजे पटना से रवाना होकर अगले दिन रात 9:40 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में अंबाला मंडल के अंबाला छावनी और सहारनपुर रेलवे स्टेशनों पर ठहराव करेगी। चंडीगढ़ से चलने वाली ट्रेन रात 10:45 बजे अंबाला छावनी पहुंचेगी और 10:50 बजे रवाना होगी। इसके बाद रात 1:25 बजे सहारनपुर पहुंचकर 1:30 बजे आगे के लिए रवाना होगी।

वापसी में पटना से आने वाली ट्रेन अगले दिन शाम 6:50 बजे सहारनपुर पहुंचेगी और 7 बजे रवाना होगी। इसके बाद रात 8:30 बजे अंबाला छावनी पहुंचकर 8:35 बजे चंडीगढ़ के लिए प्रस्थान करेगी।

इस विशेष ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें प्रथम वातानुकूलित, द्वितीय वातानुकूलित, तृतीय वातानुकूलित, वातानुकूलित चेयरकार, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल होंगे।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए इस विशेष ट्रेन का लाभ उठाएं। यात्री रेलवन ऐप के माध्यम से ट्रेन की समय-सारणी और टिकटों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।