रेल कर्मचारियों की मुस्तैदी से महिला यात्री का छूटा बैग सुरक्षित बरामद, सीटीआई देवेंद्र ने लौटाया सामान

अंबाला। रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा से अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस में छूटा महिला यात्री का बैग सुरक्षित बरामद कर उन्हें वापस पहुंचाया गया। अंबाला मंडल में रेल कर्मचारियों की इस तत्परता की रेलवे प्रशासन ने सराहना की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला यात्री को ट्रेन संख्या 12011 से चंडीगढ़ जाना था, लेकिन गलती से वह ट्रेन संख्या 12013 अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस में सवार हो गईं। दिल्ली स्टेशन पर अपनी गलती का एहसास होने के बाद वह जल्दबाजी में ट्रेन से उतर गईं। इस दौरान उनका बैग कोच सी-11 की सीट संख्या 44 पर छूट गया।

ट्रेन के रवाना होने के बाद एक जागरूक सहयात्री की नजर सीट पर रखे लावारिस बैग पर पड़ी। उन्होंने तुरंत रेल अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद ट्रेन के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए बैग को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी।

ट्रेन के अंबाला स्टेशन पहुंचने पर मुख्य टिकट निरीक्षक देवेंद्र ने मामले में सक्रियता दिखाई। उन्होंने ट्रेन संख्या 12013 से बैग को सुरक्षित बरामद कराया और ट्रेन संख्या 12011 में यात्रा कर रही महिला यात्री तक उसे पहुंचाने की व्यवस्था की। इस तरह महिला यात्री का छूटा हुआ सामान सुरक्षित वापस मिल गया।

रेलवे प्रशासन ने इस सराहनीय कार्य के लिए संबंधित कर्मचारियों और जागरूक सहयात्री की प्रशंसा की है। यह घटना दर्शाती है कि रेल कर्मचारी यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं। उनकी सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से महिला यात्री को बड़ी राहत मिली।