त्योहारों पर यात्रियों को राहत, फिरोजपुर कैंट-पूर्णिया के बीच 8 फेरे लगाएगी स्पेशल ट्रेन

फिरोजपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने फिरोजपुर कैंट-पूर्णिया-फिरोजपुर कैंट आरक्षित त्योहार स्पेशल एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन के संचालन से पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

ट्रेन संख्या 04634 फिरोजपुर कैंट-पूर्णिया आरक्षित त्योहार स्पेशल 8 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को कुल 8 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन फिरोजपुर कैंट से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और करीब 33 घंटे 30 मिनट की यात्रा के बाद पूर्णिया सुबह 3 बजे पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 04633 पूर्णिया-फिरोजपुर कैंट आरक्षित त्योहार स्पेशल 10 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को कुल 8 फेरे लगाएगी। ट्रेन पूर्णिया से सुबह 6 बजे रवाना होकर करीब 34 घंटे 35 मिनट बाद शाम 4:35 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी।

मुरादाबाद समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव मक्खू, लोहियां खास, नकोदर, फिल्लौर, ढंडारी कलां, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, नौगछिया और कटिहार रेलवे स्टेशनों पर होगा।

16 कोच के साथ चलेगी ट्रेन

त्योहार स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 5 कोच, शयनयान श्रेणी के 6 कोच और सामान्य श्रेणी के 5 कोच, यानी कुल 16 कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह विशेष रेल सेवा शुरू की जा रही है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे त्योहार स्पेशल ट्रेन का लाभ उठाएं और अपनी यात्रा को सुविधाजनक बनाएं।