डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट 5.0 के तहत 100 वर्षीय पूर्व रेलकर्मी को घर पहुंचकर किया सम्मानित

डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट 5.0 के तहत 100 वर्षीय पूर्व रेलकर्मी को घर पहुंचकर किया सम्मानित

घर पर बनाया जीवन प्रमाण पत्र, पौधा और शॉल भेंट की

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार नवंबर माह में पेंशनभोगी पूर्व रेल कर्मचारियों को अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा करना होता है। इस वर्ष रेलवे की ओर से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट 5.0 अभियान के तहत वरिष्ठ पेंशनभोगियों को डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है।

इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव के निर्देशन में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के पेंशनभोगियों के घर पहुंचकर उनका जीवन प्रमाण पत्र बनाने और उन्हें सम्मानित करने का अभियान चलाया जा रहा है।

इस पहल के तहत अजमेर मंडल के 100 वर्षीय पूर्व रेल कर्मचारी अमर सिंह छतरी, वरिष्ठ ईंधन निरीक्षक के घर रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम पहुंची। सहायक कार्मिक अधिकारी गजानंद कुमावत, कल्याण निरीक्षक विनीत खन्ना एवं प्रकाश कुमार ने उनके घर जाकर डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र बनाया।

इस दौरान पूर्व रेल कर्मचारी अमर सिंह छतरी को पौधा और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। रेलवे की इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ पेंशनभोगियों को घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें सम्मान देना है।