अजमेर मंडल में रेल पेंशनभोगियों के लिए 1 से 30 नवंबर तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल द्वारा रेल पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए 1 से 30 नवंबर 2026 तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी 5.0) अभियान के तहत विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पेंशनभोगी अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे, जिससे उन्हें पेंशन संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने में सुविधा मिलेगी।

अभियान के तहत 2 नवंबर को बैंक ऑफ बड़ौदा, डीआरएम कार्यालय अजमेर स्थित शाखा में, 4 नवंबर को भारतीय स्टेट बैंक की विशेष शाखा, कलेक्ट्रेट अजमेर में और 5 नवंबर को एसबीआई की मुख्य शाखा, आबूरोड में शिविर लगाया जाएगा। 6 नवंबर को एसबीआई की मुख्य शाखा, मधुबन उदयपुर में शिविर आयोजित होगा।

इसी क्रम में 12 नवंबर को बैंक ऑफ बड़ौदा की स्टेशन परिसर शाखा, अजमेर और स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, भीलवाड़ा में शिविर लगेंगे। 13 नवंबर को एसबीआई मारवाड़ जंक्शन, पाली में तथा 16 नवंबर को एसबीआई की मुख्य शाखा, रेलवे स्टेशन भीलवाड़ा में शिविर आयोजित किया जाएगा। 17 नवंबर को रेलवे अस्पताल, अजमेर में विशेष मेगा शिविर लगाया जाएगा।

इसके अलावा 18 नवंबर को पंजाब नेशनल बैंक, सिनेमा रोड अजमेर और एसबीआई सोजत रोड में, 19 नवंबर को स्टेशन अधीक्षक कार्यालय उदयपुर में तथा 20 नवंबर को एसबीआई तहसील रोड, मावली और स्टेशन अधीक्षक कार्यालय अजमेर में शिविर आयोजित होंगे।

23 नवंबर को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, श्रीनगर रोड अजमेर और डीआरएम कार्यालय अजमेर में शिविर लगेंगे। 25 नवंबर को एसबीआई रानी, पाली तथा एसबीआई की मुख्य शाखा, बस स्टैंड आबूरोड में और 26 नवंबर को स्टेशन अधीक्षक कार्यालय आबूरोड में शिविर आयोजित किया जाएगा।

ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी

रेलवे प्रशासन ने शिविरों में आने वाले पेंशनभोगियों से अपना पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) नंबर, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण और मोबाइल फोन साथ लाने की अपील की है, ताकि डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके।

अजमेर मंडल के वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक अशोक कुमार मीणा और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव ने सभी रेल पेंशनभोगियों से अभियान का लाभ उठाने और निर्धारित तिथियों पर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने का अनुरोध किया है। इस पहल से पेंशनभोगियों को प्रमाण पत्र जमा करने में सुविधा मिलेगी और उन्हें अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।