जटिल ऑपरेशन कर पशु चिकित्साधिकारी ने बचाई भैंस और उसके बच्चे की जान

आलापुर (अंबेडकर नगर)। विकासखंड जहांगीरगंज के ग्राम बनकटा बुजुर्ग में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार चक्रवर्ती ने जटिल ऑपरेशन के जरिए एक गर्भवती भैंस और उसके बच्चे की जान बचाई। सफल उपचार के बाद जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। पशुपालक और ग्रामीणों ने चिकित्सक के प्रयास की सराहना करते हुए उनका आभार जताया है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी पशुपालक बरखू निषाद की भैंस करीब नौ माह की गर्भवती थी और पिछले एक माह से बीमार चल रही थी। कई चिकित्सकों से उपचार कराने के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और स्थिति लगातार बिगड़ती गई।

एक दिन पूर्व पशुपालक ने पशु चिकित्सा अधिकारी तेंदुआई कला डॉ. रविंद्र कुमार चक्रवर्ती से संपर्क कर भैंस की गंभीर स्थिति की जानकारी दी। सूचना मिलते ही डॉ. चक्रवर्ती मौके पर पहुंचे और भैंस की जांच कर आवश्यक उपचार शुरू किया।

3 अक्टूबर 2026 की शाम भैंस प्रसव की स्थिति में पहुंची, लेकिन बच्चा बुरी तरह फंस गया। स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सक ने तत्काल डिस्टोसिया (Dystocia) ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। ऑपरेशन के दौरान फंसे हुए बच्चे को सुरक्षित निकाला गया। इसके साथ ही प्लेसेंटा निकालने और आरओपी (ROP) से संबंधित जटिलता को ठीक करने की प्रक्रिया भी की गई।

कई घंटे चले जटिल ऑपरेशन के दौरान बच्चेदानी की आवश्यक सर्जरी और टांके (suturing) लगाए गए। चिकित्सकीय प्रयासों के बाद भैंस को बचा लिया गया और उसका बच्चा भी सुरक्षित रहा।

भैंस और उसके बच्चे की हालत सुरक्षित होने के बाद पशुपालक बरखू निषाद समेत ग्रामीणों ने डॉ. रविंद्र कुमार चक्रवर्ती का तहेदिल से धन्यवाद किया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में समय पर पशु चिकित्सा सेवा उपलब्ध होने से पशुपालकों को बड़ी राहत मिल रही है। सफल ऑपरेशन की जानकारी के बाद क्षेत्र के पशुपालकों में खुशी का माहौल है।