किसान के बेटे विश्वनाथ यादव ने एमएससी गणित में प्रथम श्रेणी हासिल कर बनाई अलग पहचान

आलापुर, अंबेडकर नगर। किसान परिवार से निकलकर संघर्ष, मेहनत और लगन के दम पर शिक्षा और सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले विश्वनाथ यादव ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से एमएससी फाइनल सत्र में गणित विषय से प्रथम श्रेणी में मास्टर ऑफ साइंस (एमएससी) की उपाधि प्राप्त की है।

विश्वनाथ यादव वर्ष 2013 से समाजवादी राजनीति में सक्रिय हैं। सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई का सफर भी लगातार जारी रखा। किसान परिवार से आने वाले विश्वनाथ ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत, संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में यह मुकाम हासिल किया।

उनकी इस सफलता से परिवार, मित्रों, समर्थकों, शुभचिंतकों तथा समाजवादी पार्टी से जुड़े साथियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

विश्वनाथ यादव ने अपनी शैक्षिक सफलता का श्रेय अपने परिवार, गुरुजनों, मित्रों, सहयोगियों और उन सभी शुभचिंतकों को दिया, जिन्होंने उनके संघर्ष के दौरान निरंतर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास से कठिन से कठिन लक्ष्य को भी हासिल किया जा सकता है।