छठ महापर्व पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट रहा अग्निशमन विभाग, सीएफओ ने लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा

छठ महापर्व पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट रहा अग्निशमन विभाग, सीएफओ ने लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा

मंडल आयुक्त संगीता सिंह और डीआईजी के आदेश पर डीएम अनुनय झा व एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देश में शहरभर में मुस्तैद रही अग्निशमन विभाग की टीमें

मुरादाबाद। छठ महापर्व को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दिया। मंडल आयुक्त संगीता सिंह और डीआईजी के आदेश पर जिलाधिकारी अनुनय झा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश में महानगर के विभिन्न छठ पूजा स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर अग्निशमन विभाग की टीमें तैनात की गईं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभाग की ओर से व्यापक स्तर पर सुरक्षा इंतजाम किए गए।

इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय और अग्निशमन अधिकारी डॉ ज्ञान प्रकाश शर्मा ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर अग्निशमन विभाग की ओर से लगाई गई ड्यूटियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात कर्मचारियों की मुस्तैदी, अग्निशमन वाहनों और उपलब्ध संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ महापर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की टीमें पूरी तरह तैयार रहें। श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाए।

सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी अग्निशमन उपकरण एवं संसाधन पूरी तरह क्रियाशील स्थिति में रहें। विभाग की इस सक्रियता से छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मुस्तैदी ने यह सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के श्रद्धा और उत्साह के साथ छठ महापर्व मना सकें।