चंदौली में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, बदले गए डीएम चंद्र मोहन गर्ग भदोही के जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार को मिली जिले की कमान, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव बने चंद्र मोहन गर्ग

 

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय 

चंदौली। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन की ओर से जारी तबादला सूची में चंदौली जिले के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग का स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्हें मुख्यमंत्री का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, भदोही के जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार को चंदौली का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इस बदलाव के साथ ही जिले की प्रशासनिक कमान अब नए अधिकारी के हाथों में होगी।

शासन के इस फैसले के बाद चंदौली के प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अपने कार्यकाल के दौरान जिले में प्रशासनिक व्यवस्था, विकास कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर जिम्मेदारी संभाली। अब उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, चंदौली के नए जिलाधिकारी बनाए गए शैलेन्द्र कुमार इससे पहले भदोही जिले की कमान संभाल रहे थे। शासन ने उनके प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए उन्हें चंदौली की जिम्मेदारी सौंपी है।उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिले में विकास कार्यों, जनसमस्याओं के निस्तारण और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नई कार्ययोजना पर निगाहें रहेंगी।जिले के लोगों को नए जिलाधिकारी से विकास कार्यों में तेजी, जनसुनवाई को प्रभावी बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि नई प्रशासनिक पारी में शैलेन्द्र कुमार चंदौली में अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं से किस तरह नई पहचान बनाते हैं।