गुजरात में रेलवे परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे कई सुविधाओं का लोकार्पण

गुजरात में रेलवे परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे कई सुविधाओं का लोकार्पण

चार गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल राष्ट्र को होंगे समर्पित, लिंच में नए टर्मिनल की रखी जाएगी आधारशिला; अंजार में भुज?शालीमार एक्सप्रेस का ठहराव शुरू

गुजरात में रेलवे के बुनियादी ढांचे, माल परिवहन और यात्री कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में मंगलवार, 15 सितंबर को बड़ा कदम उठाया जाएगा। रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात में विभिन्न रेलवे परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और शुभारंभ करेंगे।

इस दौरान शिवलखा, भीमासर, देवलिया और चंडीसर स्थित चार गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे। इसके साथ ही लिंच में गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल की आधारशिला रखी जाएगी। गोपालपुर रेलवे स्टेशन का उद्घाटन होगा और अंजार स्टेशन पर भुज?शालीमार एक्सप्रेस के ठहराव की शुरुआत की जाएगी।

गोपालपुर स्टेशन से परिचालन में होगी समय की बचत

गोपालपुर रेलवे स्टेशन के शुरू होने से क्षेत्र में रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं में सुधार होगा। नए स्टेशन के निर्माण से अहमदाबाद और भुज की ओर से आने-जाने वाली ट्रेनों को गांधीधाम में इंजन रिवर्सल की आवश्यकता नहीं होगी। इससे परिचालन समय की बचत होगी और रेल संचालन अधिक सुविधाजनक बनेगा।

चार गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल बढ़ाएंगे माल ढुलाई की क्षमता

भीमासर स्थित एएफजीबी गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल का विकास आर्या फ्रेट टर्मिनल प्राइवेट लिमिटेड ने किया है। करीब 52 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस परियोजना में लगभग 75 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। यहां कंटेनर और सामान्य माल की हैंडलिंग की जाएगी। टर्मिनल की अनुमानित क्षमता 60 आउटवर्ड और 60 इनवर्ड रेक प्रतिमाह है। इससे करीब एक हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसर बनने की संभावना है।

देवलिया स्थित डब्ल्यूसीजीडी गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल का विकास वेस्टर्न कैरियर्स (इंडिया) लिमिटेड ने किया है। करीब 41 एकड़ में विकसित इस टर्मिनल पर लगभग 65 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। यहां कंटेनर और सामान्य माल की हैंडलिंग होगी तथा करीब एक हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

चंडीसर स्थित एटीजीसी गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल का विकास एमिरेट्स टर्मिनल्स प्राइवेट लिमिटेड ने किया है। करीब 23 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस टर्मिनल पर लगभग 75 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। यह मुख्य रूप से कंटेनर यातायात के लिए विकसित किया गया है और इससे करीब 400 से 500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

वहीं शिवलखा स्थित केईजीएस गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल का विकास केएमटी इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। करीब 150 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस परियोजना की प्रस्तावित लागत लगभग 200 करोड़ रुपये है। यहां रेलवे वैगन निर्माण के साथ कंटेनर यातायात की सुविधा विकसित की जाएगी। इससे करीब 2,000 से 2,500 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

लिंच में नए कार्गो टर्मिनल की आधारशिला

कार्यक्रम के दौरान लिंच में गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल की आधारशिला भी रखी जाएगी। इसके निर्माण से क्षेत्र में माल हैंडलिंग की क्षमता बढ़ेगी और उद्योगों एवं कारोबारियों को बेहतर लॉजिस्टिक्स सुविधाएं मिल सकेंगी। निजी क्षेत्र की भागीदारी से विकसित होने वाले इन टर्मिनलों से रेल आधारित माल परिवहन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

अंजार में भुज?शालीमार एक्सप्रेस का ठहराव शुरू

अंजार के यात्रियों को भी बड़ी सौगात मिलेगी। ट्रेन संख्या 22829/22830 भुज?शालीमार एक्सप्रेस का अंजार स्टेशन पर ठहराव शुरू किया जाएगा। इससे अंजार और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए दूसरे स्टेशनों तक जाने की जरूरत कम होगी, जिससे समय और अतिरिक्त यात्रा खर्च की बचत होगी।

नया ठहराव व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और पर्यटकों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। इससे अंजार की क्षेत्रीय एवं अंतरराज्यीय रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

इन परियोजनाओं के शुरू होने से गुजरात में माल ढुलाई की क्षमता बढ़ने, आधुनिक लॉजिस्टिक्स ढांचे के विस्तार, उद्योग एवं व्यापार को बेहतर रेल सुविधा मिलने, रोजगार के नए अवसर पैदा होने और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध होने का रास्ता मजबूत होगा।