वडोदरा-जामनगर इंटरसिटी 13 सितंबर को रहेगी निरस्त

वडोदरा। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में साबरमती स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य के चलते वडोदरा-जामनगर-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन एक दिन के लिए निरस्त रहेगा।

अहमदाबाद-विरमगाम रेलखंड के साबरमती स्टेशन पर रेलवे ट्रैक संख्या 01, 02 और 03 के ऊपर बॉक्स टाइप फुट ओवर ब्रिज की लॉन्चिंग का कार्य किया जाएगा। क्रेन और हाइड्रा मशीनों की मदद से होने वाले इस कार्य के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन का संचालन रद्द करने का निर्णय लिया गया है।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 22959/22960 वडोदरा-जामनगर-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस 13 सितंबर 2026 को पूरी तरह निरस्त रहेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे 13 सितंबर को यात्रा की योजना बनाते समय ट्रेन के निरस्त रहने की जानकारी ध्यान में रखें और अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करें।