गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन को मिली आईजीबीसी की प्लैटिनम रेटिंग, 86 अंक हासिल कर बनाया कीर्तिमान

गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन को मिली आईजीबीसी की प्लैटिनम रेटिंग, 86 अंक हासिल कर बनाया कीर्तिमान

पर्यावरण संरक्षण में गांधीनगर जयपुर स्टेशन को बड़ी उपलब्धि

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन ने पर्यावरण संरक्षण और हरित रेलवे अवसंरचना के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्टेशन को इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (आईजीबीसी) की ग्रीन रेलवे स्टेशन रेटिंग में 86 अंकों के साथ सर्वोच्च प्लैटिनम रेटिंग प्रदान की गई है। यह उपलब्धि स्टेशन पर पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं के विकास और सतत सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों का प्रमाण है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा के दिशा-निर्देशों के अनुसार गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन पर ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, ऊर्जा दक्ष प्रकाश व्यवस्था, पानी के पुनर्चक्रण, हरित क्षेत्र के विकास और कचरा प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। इन प्रयासों से स्टेशन को स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल और ऊर्जा दक्ष बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के अंतर्गत ऊर्जा की खपत कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए हरित भवन की अवधारणा पर आधारित सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग और वर्षा जल संचयन जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्टेशन परिसर में लगभग 1400 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया गया है, जो स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

आईजीबीसी की प्रमाणन प्रक्रिया के तहत स्टेशन पर हरित एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए किए गए कार्यों का आकलन किया गया। इसके बाद 86 अंकों के साथ प्लैटिनम रेटिंग प्रदान की गई। यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और सतत विकास के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

गांधीनगर जयपुर रेलवे स्टेशन को मिली यह प्रतिष्ठित रेटिंग उत्तर पश्चिम रेलवे के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। साथ ही यह देश के अन्य रेलवे स्टेशनों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। इस उपलब्धि से रेलवे में हरित तकनीक, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं को बढ़ावा देने के प्रयासों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।