कोरिया जिले को मिला पहला आधुनिक थाना, बेहतर पुलिसिंग की नई शुरुआत

बैकुंठपुर। कोरिया जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिले के पहले आधुनिक थाने का विधिवत शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक भैयालाल राजवाड़े ने फीता काटकर किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस थाने के शुरू होने से आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं मिलने की उम्मीद है शुभारंभ कार्यक्रम में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने थाने में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया नए आधुनिक थाने का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, फरियादियों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण को प्राथमिकता देना है। साथ ही आधुनिक संसाधनों और तकनीक के माध्यम से अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा जिले में पहले आधुनिक थाने की शुरुआत को पुलिसिंग व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली को नई गति मिलेगी, बल्कि आम नागरिकों का पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।