कांठ रोड पर चलती वैगनआर में लगी भीषण आग, अग्निशमन विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टला

मुरादाबाद। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कांठ रोड के पास अकबर किले के नजदीक शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर चल रही एक वैगनआर कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार धू-धूकर जलने लगी। हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

चलती कार में आग लगने के बाद मौके पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया। सड़क पर जलती कार को देखकर आसपास के लोगों में भी हलचल मच गई। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सतपाल अंतिल ने तत्काल संज्ञान लिया और अग्निशमन विभाग को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरी तत्परता के साथ आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

अग्निशमन कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया और आसपास मौजूद लोगों तथा अन्य वाहनों तक आग फैलने से रोक दिया गया। समय रहते चालक के कार से बाहर निकलने और अग्निशमन विभाग की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया।

मुरादाबाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर आपात परिस्थितियों में उनकी मुस्तैदी और तत्परता को सामने रखा है।