बिलारी में निःशुल्क स्वास्थ्य मेगा कैंप, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी चिकित्सा सलाह

बिलारी में निःशुल्क स्वास्थ्य मेगा कैंप, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी चिकित्सा सलाह

जिज्ञासा अस्पताल की पहल से क्षेत्रवासियों को मिला विशेषज्ञ परामर्श और निःशुल्क दवाइयों का लाभ

मुरादाबाद। क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को एस.बी.एस. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हाथीपुर, वहीदुद्दीन, बिलारी में निःशुल्क स्वास्थ्य मेगा कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जिज्ञासा अस्पताल के तत्वावधान में डॉ. सी.पी. सिंह के निर्देशन में किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया। मेडिसिन विभाग के डॉ. सी.पी. सिंह, स्त्री रोग एवं आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. करिश्मा सिंह, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सना इबाद खान, मैक्सिलोफेशियल एवं एस्थेटिक सर्जरी तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक्षा द्विवेदी और फिजियोथैरेपी विशेषज्ञ डॉ. अमित सक्सेना ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं और आवश्यक सलाह दी।

शिविर में अस्थमा एवं श्वास संबंधी रोग, थायरॉइड, मधुमेह, रक्तचाप, नवजात एवं बाल रोग, त्वचा रोग, स्त्री रोग एवं निःसंतानता संबंधी समस्याओं, दांतों की बीमारी, सर्दी-जुकाम तथा हड्डियों और मांसपेशियों से जुड़ी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं।

इस दौरान जिज्ञासा अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता चिकित्सक एवं चेयरमैन डॉ. सी.पी. सिंह समेत विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय पर उपचार लेने के लिए जागरूक किया।

कार्यक्रम में विद्यालय की ओर से निदेशक राजीव सहाय, प्रधानाचार्य संयोग वशिष्ठ, स्कूल समन्वयक नाज़िया खान, रोजीफा हुसैन, नेहा यादव, ज़रीन फातिमा, पायल, शबाना और आशीष भटनागर का सहयोग एवं उपस्थिति रही।

जिज्ञासा अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करना है। अस्पताल की ओर से भविष्य में भी जनहित में इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।